सोन लिफ्ट परियोजना को लगातार चालू रखने समेत अन्य मांगों को लेकर बुधवार को भारतीय किसान संघ के बैनर तले किसानों ने कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया।
तत्पश्चात किसानों ने एडीएम रामचंद्र को सूबे के मुख्यमंत्री के नाम सात सूत्री मांगपत्र सौंपा। इस दौरान आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों को पूर्ण करने में हीलाहवाली की गई तो शासन व जिला प्रशासन के विरुद्ध वृहद आंदोलन होगा।
बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे संघ के प्रांतीय अध्यक्ष चंद्रभूषण पांडेय की अगुवाई में किसानों ने कलेक्ट्रेट जाकर मांगों के समर्थन में हुंकार भरी।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि क्रय केंद्रों पर धान क्रय करने में हीलाहवाली की जा रही है। ठंड को देखते हुए प्रत्येक क्रय केंद्र पर प्रतिदिन तीन सौ कुंतल धान खरीदा जा रहा है।
केंद्रों पर अलाव तक का इंतजाम नहीं है। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय खाद्य निगम के जनपद के मात्र दो केंद्र हैं। अग्रिम वर्ष से प्रत्येक धान उत्पादक प्रत्येक विकास खंडों में कम से कम केंद्र निश्चित रूप से खोलवाने की व्यवस्था सुनिश्चित कर कमीशन एजेंटों का स्टाक एवं क्रय रजिस्टर सत्यापित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों के सीएमआर के धान लक्ष्य तक भी नहीं खरीदे गए हैं,
फिर भी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी चावल रखने की समस्या की बात कह रहे हैं। इस मौके पर डा. सच्चिदानंद द्विवेदी, नंदलाल सिंह पटेल, रामजी सिंह, विजय पटेल, प्रमोद, मनीष त्रिपाठी, देवचरण यादव, अनिरुद्ध कुमार, फूलचंद्र सिंह पटेल मौजूद रहे।