यातायात माह के तहत सोमवार को डीएवी पब्लिक स्कूल राबर्ट्सगंज में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें यातायात नियमों के पालन के विषय में प्रेरित करते हुए बच्चों को जानकारी दी गई। इस दौरान एएसपी ने बच्चों को यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एएसपी शंभूशरण यादव ने कहा कि वाहन चलाने से पूर्व चालक ईधन, ब्रेक आयल, ब्रेक, टायर और ट्यूब चेक कर लें।
कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर धीमी गति से वाहन चलाते हुए चौराहे पर सड़क पार करते वक्त बत्ती का इंतजार करें और सड़क पार करने के लिए जेब्रा लाइन का इस्तेमाल करें।
कहा कि संकेत मिलने पर सड़कों को तेज गति से पार करना चाहिए। कहा कि प्रत्येक जिले में सड़क दुर्घटना में सौ से अधिक लोगों की मौत और न जाने कितने लोग घायल हो जाते हैं।
इस पर रोक लगाने के लिए यातायात नियमों का पालन करके सड़क पर चलना होगा। यातायात प्रभारी गजानंद यादव ने बताया कि बाइक पर तीन सवारी बैठ कर न चलें। दो पहिया चलाते वक्त हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते वक्त सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें।
कहा छात्र-छात्राएं यातायात नियमों का पालन करते हुए दूसरे को भी नियमों के बारे में जानकारी दें। ताकि सड़क दुर्घटना पर रोक लगाया जा सके। प्रिंसिपल राजकुमार सिंह ने कहा कि बरसात में वाहनों को संभल कर चलाना चाहिए, क्योंकि सड़क पर फिसलन होती है। ऐसे में दुर्घटनाएं होने की संभावनाएं बनी रहती हैं। इस मौके पर शिक्षक मौजूद रहीं।