सोनभद्र। जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह ने शनिवार को पांच सफाई कर्मियों को निलंबित कर दिया। उन पर जिला अस्पताल में ड्यूटी पर न जाने का आरोप है।
डीपीआरओ ने बताया कि कोविड 19 वैश्विक महामारी जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सफाई कर्मी की ड्यूटी जिला संयुक्त चिकित्सालय में लगाई गई है। लेकिन पांच सफाई कर्मी ऐसे हैं जो ड्यूटी पर नहीं जा रहे हैं। ऐसे में पांचों सफाई कर्मियों घोरावल ब्लॉक के खैरा के सफाई कर्मी जितेंद्र कुमार, खजुरीकला के विकास, सेमराखुर्द के प्रभाकर सिंह, नगवां ब्लॉक के गोंगा के सत्यप्रकाश सिंह और पड़री के विश्वंभर सिंह को निलंबित किया है। डीपीआरओ ने बताया कि जिला संयुक्त चिकित्सालय में ड्यूटी लगाए जाने के बाद कार्यस्थल पर उपस्थित होकर कार्य न करना, कोविड 19 वैश्विक महामारी जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सौंपे गए कार्यों का निर्वहन न करना, सफाई कर्मी के पद के अनुरूप कार्य न करना और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने के कारण उन्हें निलंबित किया गया है।