बाजार स्थित जेवर की पांच दूकानों का चोरों ने सोमवार की रात ताला चटकाया, लेकिन सिर्फ दो दूकानों से चांदी के जेवर ही उनके हाथ लगे। इसकी जानकारी मंगलवार की सुबह दूकानदारों को हुई तो सभी के होश उड़ गए।
पुलिस को जानकारी दे दी गई है। दूकानदारों का कहना है कि वे ठंड के चलते सोमवार की शाम करीब सात बजे दूकान बंद करके घर चले आए। गनीमत यहीं रही कि सोने के कीमती जेवर घर लेते गए थे।
मंगलवार की सुबह जब लोग टहलने निकले तो रामलीला मैदान के पास खेत में आलमारी फेंकी हुई दिखाई दी। इसकी सूचना लोगों ने दूकानदारों को दी जब वे लोग दूकान पर पहुंचे तो पता चला कि बारी-बारी से पांच दूकानों का ताला चोरों ने चटकाया था।
राजेंद्र प्रसाद सोनी के दूकान का शटर चाड़कर उसमें रखी आलमारी को चोर उठा ले गए थे। रामलीला मैदान के पास तोड़कर उसमें रखे करीब चालीस हजार रुपये के चांदी के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। वहीं टुन्नू सेठ की दूकान से भी करीब पच्चीस हजार रुपये के चांदी के जेवर उठा ले गए।
तीन अन्य दूकानों का ताला तो टूटा हुआ पाया गया लेकिन सामान नहीं ले जा सके। इस संबंध में सुकृत चौकी इंचार्ज कन्हैया यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।