वैनी। मंदिर में दर्शन कराने के लिए बुलाकर दूसरे से जबरदस्ती विवाहिता की शादी कराने और उसे बेचकर बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने रविवार की रात एक नामजद सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई पीड़िता की तहरीर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा कराई गई जांच रिपोर्ट के आधार पर हुई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापे की कार्रवाई शुरू हो गई है।
पन्नूगंज के केतार गांव निवासी एक विवाहिता ने रायपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि कुछ दिन पहले उसे कुछ लोग चंदौली स्थित झारखंडे महादेव का दर्शन कराने के लेकर गए थे। वहां चार-पांच लोग पहले से ही मौजूद थे। पहुंचते ही जबरदस्ती पकड़कर गैर मर्द से शादी करा दी गई। उसके बाद रायपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बंधक बनाकर रखा गया। वहां पीड़िता को पता चला कि उसे बेचा गया है। ऐसी स्थिति में जब उसने चिल्लाना शुरू किया तो गांव के ही एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने उसे वहां से मुक्त कराया। मामला संज्ञान में आने पर पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने क्राइम ब्रांच और एलआईयू से जांच कराई। जांच रिपोर्ट के आधार पर रविवार की रात में दीना निवासी केतार और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रभारी निरीक्षक रायपुर हेमंत सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापे की कार्रवाई की जा रही है।