सोनभद्र। अब जिले के सस्ते गल्ले की दुकानों से गैस सिलिंडर भी मिलेगा। सरकार की ओर से रियायती दर पर जरूरत मंदों को पांच किलो वाला गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा। अब तक जिले में 36 कोटे की दुकानों को सिलिंडर वितरण के लिए चयनित किया गया है।
छोटी पूंजी वाले दुकानदार, घर से दूर रहकर पढ़ाई करने वाले बच्चों की सहूलियत के लिए सरकार ने पांच किलो वाले गैस सिलिंडर का वितरण शुरू किया है। अब इसे गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की पहल की गई है। पांच किलोग्राम सिलिंडर का ब्रांड नाम छोटू है। प्रथम चरण में जिले के 36 कोटे की दुकानें छोटा सिलिंडर उपलब्ध कराने के लिए चयनित की गई हैं। इनमें से करीब 15 दुकानों से अनुबंध का काम पूरा होने को है। आपूर्ति विभाग की मानें तो कोटे की दुकानों से वितरित होने वाले सिलिंडर में मानकों के अनुरूप सीलपैक, रीफिलिंग, रैंडम चेकिंग, कोई दिक्कत आने पर उसकी वापसी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। सिलिंडर खरीदने वालों को इंश्योरेंश की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कोटे की दुकानों से पहली बार गैस सिलिंडर प्राप्त करते समय उपभोक्ताओं को अपना कोई एक पहचान पत्र (वोटर आईडी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, कर्मचारी पहचान पत्र आदि) मुहैया कराना होगा। उपभोक्ताओं को खाली सिलिंडर देने पर भरा हुआ सिलिंडर दिया जाएगा।
सिलिंडर की वापसी पर मिलेेंगे रुपये
सोनभद्र। आपूर्ति विभाग की मानें तो गैस कंपनियों द्वारा चयनित वितरण प्रणाली की दुकानों से सिलिंडर वापसी पर उपभोक्ता को उसके 500 रुपये वापस करने की व्यवस्था है। इसके लिए उचित दर विक्रेता की तरफ से खरीदार को सेफ्टी कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार द्वारा गैस खरीद की एवज में इंश्योरेंश की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बता दें कि अभी बाजार में 15 केजी वाला सिलिंडर उपलब्ध है और उसे खरीदने के लिए हजारों रुपये जमा करना पड़ता है। नई व्यवस्था में सिक्योरिटी के नाम पर सामान्य धनराशि रखी गई है। वहीं पांच सौ रुपये में कोई भी आसानी से, संबंधित कोटे की दुकान से गैस सिलिंडर ले सकता है।
सस्ते गल्ले की दुकान यानी सरकारी राशन की दुकानों पर गैस सिलिंडर भी मिलेगा। जरूरतमंदों को पांच किलो वाला गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा। अब तक करीब 36 कोटे की दुकानों से सिलिंडर की सुविधाएं देने के लिए चयनित किया गया है। - गौरीशंकर शुक्ला, जिलापूर्ति अधिकारी