प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना 2020-21 के अन्तर्गत सर्वाधिक फसल की क्षतिपूर्ति पाने वाले पांच किसानों को शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले किसानों में घोरावल ब्लॉक के कन्हारी गांव के लोलर, मूर्तिया गांव के सुरेश कुमार और भोलानाथ, बभनी ब्लॉक के घघरी के सीताराम, चतरा ब्लॉक के बकवार निवासी सुरेश चंद्र कुशवाहा को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है।
उप कृषि निदेशक डीके गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत जिले में वर्ष 2020 खरीफ फसल में 21407 किसानों ने बीमा कराया था। इनमें से 3138 किसानों को 2,70,71,262 रुपये क्षतिपूर्ति की गई। जिलाधिकारी ने अन्य किसानों से भी फसल का बीमा कराने की अपील की। इसके साथ ही फसल बीमा कंपनी एचडीएफसी एरगो के अधिकारियों एवं कर्मचारियों एवं अन्य अधिकारियों को योजना का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार कराते हुए किसानों की फसल बीमा कराने के लिए निर्देश दिया। इसके साथ ही फसल बीमा के प्रचार प्रसार के लिए वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर जिला कृषि अधिकारी पीयूष राय, जिला उद्यान अधिकारी सुनील शर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा.एके श्रीवास्तव, मत्स्य अधिकारी विजय पाल, जिला समन्वय फसल बीमा कन्हैया सिंह, एसएमएस रुपेंद्र नारायण मिश्र आदि रहे।