सोनभद्र। जिले में पिछले 24 घंटे में 154 कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं पांच कोरोना पीड़ितों ने दम तोड़ दिया। संक्रमितों के घरों के आसपास कंटेनमेंट जोन बनाया जा रहा है। ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके। जिला प्रशासन कोरोना संक्रमण पर रोक लगाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इस नाते संक्रमण कम होने लगा है। वहीं स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। वहीं कोविड अस्पतालों में जरूरत के अनुसार मरीजों को आक्सीजन मुहैया होने लगा है। यह जनपदवसियों के लिए राहत भरी खबर है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार मंगलवार की सुबह दस बजे से बुधवार की सुबह दस बजे तक कोरोना से पांच मरीजों की मौत हो गई। जबकि 154 नये कोरोना संक्रमित व्यक्ति मिले है। डीएम के निर्देश पर सभी एसडीएम कोरोना संक्रमितों के घरों के आसपास कंटेनमेंट जोन बनवा रहे हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीमें कोरोना संक्रमित व्यक्तियों के घर जाकर उपचार कराने में जुट गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. नेम सिंह ने जनपदवासियों से कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए लोगों से कोरोना कर्फ्यू का पालन करने और बेवजह घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।