सोनभद्र। राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया गया। इसमें डेंगू की रोकथाम और इलाज को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी गई।
सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार ने बताया कि जिले के सभी सीएचसी पर डेंगू मरीजों के लिए 5 बेड, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 2 बेड और जिला मेडिकल कॉलेज लोढ़ी में 10 बेड मच्छरदानी युक्त आरक्षित किए गए हैं। सभी स्वास्थ्य केंद्रों, हेल्थ वेलनेस सेंटर पर डेंगू की जांच निशुल्क की जा रही है। लोढ़ी स्थित जिला अस्पताल में संचालित सेंटिनल लैब में एलाइजा रीडर के माध्यम से डेंगू की पुष्टि की जाती है, जो पूरी तरह मुफ्त है। एसीएमओ डॉ. प्रेमनाथ ने बताया कि डेंगू एक गंभीर बीमारी है, जो मादा एडिज मच्छर के काटने से होती है। इसे टाइगर मच्छर भी कहा जाता है। इसकी पहचान सफेद धारियों से होती है। यह मच्छर साफ पानी में पनपता है और घरों के भीतर पाया जाता है। जिला मलेरिया अधिकारी डीएन श्रीवास्तव ने बताया कि डेंगू से बचाव के लिए जलभराव को खत्म करना सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने बताया कि हर रविवार मच्छर पर वार, लार्वा पर प्रहार अभियान के तहत लोगों को अपने घरों और आसपास की साप्ताहिक सफाई का अभ्यास करना चाहिए। बताया गया कि रॉबर्ट्सगंज ब्लड बैंक में सरकारी मरीजों को निशुल्क और प्राइवेट अस्पतालों के लिए 300 रुपये, साईं अस्पताल में 500 रुपये और हिंडाल्को अस्पताल में 1100 रुपये की दर पर प्लेटलेट्स उपलब्ध हैं। कार्यक्रम में लायंस क्लब सोनभद्र के सचिव किशोरी सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर डॉ. गिरधारी लाल, डॉ. सूबेदार प्रसाद, डॉ. एसके वर्मा, डॉ. सुमन जायसवाल, रेडक्रॉस सोसाइटी से विनय श्रीवास्तव, व्यापार मंडल से प्रीतपाल सिंह, आरके सिंह, अनिल दुबे, देवाशीष पांडेय, मधु, सभाजीत प्रसाद आदि मौजूद रहे।