सदर कोतवाली क्षेत्र के कम्हारी गांव में बरकरा मोड़ के समीप शनिवार की रात घेराबंदी कर पुलिस ने पांच चोरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से जेवर और हजारों रुपये बरामद हुआ। पूछताछ करने के बाद सभी का चालान कर दिया गया।
कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बरकरा मोड़ के पास घेरेबंदी कर चोरों को पकड़ा गया। पकड़े गए चोरों की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के मेहुड़ी गांव निवासी अभिषेक कुमार उर्फ मोनू सिंह, बरकरा निवासी अशोक, छपका निवासी अवधेश, रवि कुमार निवासी ब्रह्मनगर और बल्ली सोनकर निवासी वार्ड नंबर 3 विजयगढ़ पोखरा सोनकर बस्ती के रूप में हुई।
उनके पास से चोरी की दो नाक की कील, दो सिकड़ी, तीन ज्यूतिया, तीन जोड़ी पायल, चार बिछिया और 4900 रुपये बरामद हुए हैं। पकड़े गए सभी चोरों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। टीम में दरोगा शाहिद यादव, संजीव कुमार राय, नई बाजार चौकी प्रभारी श्रीकांत राय शामिल रहे।