सोनभद्र। वाहनों को बगैर एआरटीओ कार्यालय लाए ही फिटनेस प्रमाण पत्र जारी कराने वालों के दिन लदने वाले हैं जिले में अब जल्द ही एम-वाहन एप के जरिए फिटनेस प्रमाण पत्र जारी की तैयारी है। इसके लिए शासन के निर्देश पर दस फरवरी को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में इसकी लांचिंग की जाएगी। इस व्यवस्था के तहत अलग-अलग बिंदुओं पर वाहन की फोटो लेकर एप पर लोड करनी होगी। उसके बाद ही फिटनेस प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा।
संभागीय निरीक्षक प्राविधिक आलोक कुमार यादव ने बताया कि वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने में पारदर्शिता लाने के लिए शासन ने एम वाहन एप लांच किया है। उसके तहत किसी भी वाहन को फिटनेस प्रमाण पत्र देने से पहले जरूरी प्रक्रिया को पूर्ण करना होगा। मथुरा, जौनपुर, बदायूं जालौन-उरई व सोनभद्र जिले में इसकी लांचिंग 10 फरवरी को होनी है। इसकी तैयारी की जा रही है। कार्यालय में इसकी सूचना भी चस्पा कर दी जाएगी। इस एप की खास बात यह है कि एआरटीओ कार्यालय से 500 मीटर के दायरे में ही काम करेगा। यानी जिसे भी फिटनेस प्रमाण पत्र लेना है उसे कार्यालय आना ही पड़ेगा। इसके लिए आठ फरवरी को एप इस्तेमाल करने वालों को प्रशिक्षण भी दिया जाना है।
इस तरह से होगी वाहनों के फिटनेस की जांच
वाहनों के फिटनेस की जांच के लिए एम-वाहन एप का इस्तेमाल संबंधित अधिकारी को करना होगा। एप में वाहन की पूरी तस्वीर, चेचिस नंबर, आगे और पीछे के सभी लाइट ,नंबरप्लेट, गाड़ी का इंजन, हार्न, इंडीकेटर, सीट, फाग लाइट, फर्स्ट एंड बाक्स, रिफ्लेक्टर, सफाई, डेंट-पेंट आदि की जांच होगी। सब कुछ ऑनलाइन होगा इस लिए किसी तरह का फर्जीवाड़ा नहीं किया जा सकेगा।
एम-वाहन एप के माध्यम से वाहनों के फिटनेस की जांच होनी है। इसके लिए जिले में दस फरवरी की एप की लांचिंग है। इसकी तैयारी हो रही है। एप के जरिए फिटनेस प्रमाण पत्र जारी होने से पारदर्शिता आएगी।
- अनिल मिश्र, एआरटीओ, प्रशासन