बीजपुर से दर्शन पूजन कर बाबा धाम के जाते श्रद्धालुजन।
श्रावण मास के शुभारंभ के साथ बीजपुर से कांवड़ियों का पहला जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर (झारखंड) के लिए रवाना हुआ। यात्रा शुरू करने से पहले श्रद्धालुओं ने स्थानीय दूधहिया माता मंदिर और बेड़िया हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद कांवड़िए ''बोल बम'' के जयघोष के साथ अपनी यात्रा पर निकल पड़े। श्रद्धालु सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर करीब 115 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करेंगे और बाबा बैद्यनाथ धाम तथा बाबा बासुकीनाथ में जलाभिषेक करेंगे। जत्थे में रविंद्र पांडेय, धनंजय शर्मा, संजीत सोनी, विनय गुप्ता, यशपाल, अरविंद और नंद किशोर सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे।