घोरावल सीएचसी में रोते बिलखते मृतक राजेश के परिजन।स्रोत जागरूक पाठक।
घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के बरौधी गांव में बृहस्पतिवार रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने साइकिल सवार युवक समेत बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार राजेश कोल (27) की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाइक सवार मामा-भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डोरिहार गांव निवासी राजेश कोल पुत्र लल्लन कोल हरि कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होकर साइकिल से घर लौट रहे थे। बरौधी गांव के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने लगा और करीब आधा किलोमीटर आगे बाइक सवार रामधनी विश्वकर्मा (49) निवासी मुंगेहरी तथा उनके मामा गुलशन (60) निवासी सोनहटी को भी टक्कर मार दी। दोनों बरात से लौट रहे थे।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह व चौकी प्रभारी त्रिभुवन राय पुलिस बल के साथ पहुंचे और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार रामधनी का पैर और गुलशन का हाथ टूट गया है। पुलिस ने शुक्रवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर भाग गया। मृतक राजेश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और उसके दो छोटे बेटे हैं।