बारिश के बाद मौसम और भी तल्ख हो गया है। शनिवार को जिले का तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रहा। आसमान से आग बरसने जैसे हालात रहे। भीषण गर्मी और उमस से जनजीवन प्रभावित है। ऊपर से बिजली की कटौती लोगों को रुला रही है। नाम है कि विद्युत आपूर्ति का शेड्यूल 20 घंटे का है लेकिन इमरजेंसी कटौती गर्मी में आग में घी का काम कर रही है। विद्युत आपूर्ति के मामले में नगरीय क्षेत्रों से बदतर स्थिति ग्रामीण इलाकों की है।
जिले में गर्मी चरम पर है। शनिवार को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री रहा। सुबह से ही भीषण गर्मी रही। दोपहर में लोग घरों से बाहर निकलने से कतराते रहे। भीषण गर्मी के साथ ही भयंकर उमस से लोग काफी परेशान रहे। बिजली की कटौती से हालात और भी बदतर हो गए। कहने को विद्युत कटौती नगरीय क्षेत्रों में महज चार घंटे की है जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में आठ घंटे कटौती हो रही है लेकिन इमरजेंसी कटौती लोगों को रुला दे रही है।
एसडीओ अनिल कुमार के मुताबिक नगरीय क्षेत्र में कटौती का शेड्यूल दोपहर 12 से दो बजे तक और रात में 12 से दो बजे तक है। ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति सोन फीडर, गुर्मा फीडर और शाहगंज फीडर से रात एक बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक तथा नौगढ़ फीडर, पसहीं फीडर और घोरावल फीडर में शाम सात बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक आपूर्ति का शेड्यूल है। लेकिन बीच-बीच में ट्रिपिंग, फाल्ट और इमरजेंसी रोस्टिरिंग लोगों को उमस में समय गुजारने के लिए विवश कर दे रही है।
बिजली कटने पर लोग देशी पंखे का सहारा ले रहे हैं। रात हाथ का पंखा चलाकर गुजार रहे हैं। मौसम वैज्ञानिक राजन सिंह की मानें तो जून माह में तापमान और भी बढ़ेगा। इससे काफी परेशानी होगी।