कोतवाली क्षेत्र के तेंदुआ गांव में सड़क किनारे खेत में राम सिंह गोंड (60) का संदिग्ध हाल में शव मिलने के मामले में पुलिस ने पत्नी और बेटे पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद को कारण बताया जा रहा है। पुलिस ने यह कार्रवाई बेटी के तहरीर पर की। आरोपों की सच्चाई जांची जा रही है।
बताते चलें कि शनिवार की सुबह गांव के बाहर राम सिंह का शव पड़ा पाया गया था। उनके मुंह और नाम से खून निकलने और गले पर खरोंच के निशान को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही थी। तेंदुआ में ही रह रही मृतक की बेटी पूनम शाम को कोतवाली पहुंची और उसने अपने मां और भाई पर ही पिता के हत्या का आरोप लगाकर हर किसी को अवाक कर दिया। लोगों ने इसे पहले पारिवारिक विवाद का मामला समझा लेकिन जब वह देर तक अपनी बात पर अड़ी रही तब उसकी तहरीर पर मृतक के पत्नी और बेटे के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि बेटी की तहरीर पर उसकी मां कलावती (मृतक की पत्नी) और उसके भाई सूरज (मृतक के बेटे) के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपों की सच्चाई जांची जा रही है।