सोनभद्र। राॅबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में जमीन बेचने के नाम पर एक लाख रुपये बतौर बयाना लेने और बाद में बैनामा से इनकार करने का मामला सामने आया है। चुर्क बाजार निवासी स्टेशनरी व्यवसायी विकास जैन ने बुद्धिनाथ चौबे और उनके पुत्र मनीष कुमार चौबे पर धोखाधड़ी कर रकम हड़पने का आरोप लगाया है। मामले में सीजेएम कोर्ट के आदेश पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में विकास जैन ने बताया कि उनके परिवार की आरोपियों से पुरानी जान-पहचान और आपसी विश्वास था। आरोप है कि 10 नवंबर 2023 को बुद्धिनाथ चौबे और मनीष कुमार चौबे ने विकास से संपर्क कर बढ़ौली स्थित अपनी जमीन का कुछ हिस्सा 20 लाख रुपये में बेचने की बात कही। आरोप है कि 17 नवंबर को विकास ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया राबर्ट्सगंज शाखा के दो चेक के माध्यम से कुल एक लाख रुपये मनीष कुमार चौबे को दिए। इसके बाद बैनामा कराने की बात पर दोनों आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। सात मई 2024 को जब जमीन का बैनामा करने या रकम लौटाने को कहा गया तो दोनों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते धमकी दी। कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अदालत के आदेश पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है।