सोनभद्र। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय एवं प्रदेश अध्यक्ष श्याम बिहारी मिश्रा, व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग और प्रदेश महामंत्री डा.दिलीप सेठ के साथ वीडियो कॉलिंग के जरिए रविवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता की वार्ता हुई। वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान कोई भी दिशा निर्देश व्यापारियों को नहीं दिए गये। आरोप लगाया कि व्यापारियों से प्रशासन द्वारा उचित व्यवहार नहीं किया जा रहा है। मांग की कि पंजीकृत एवं बिना पंजीकृत व्यापारियों को आर्थिक मदद बिना ब्याज के दी जाए। साथ ही लॉकडाउन के दौरान वाणिज्य, विद्युत बिल माफ किए जाने की भी मांग की। यह मांग भी की कि व्यापारियों की दुकानों में काम कर रहे कामगारों को राहत पैकेज देने तथा व्यापारियों के अन्य जिलों से माल मंगाने व सप्लाई करने की छूट दी जाए। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की तरफ से जारी की गई गाइड लाइन को लागू किया जाए, ताकि स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं का निराकरण हो सके।