सोनभद्र। घोरावल नगर के धर्मशाला परिसर में चल रही रात्रि कालीन कैनवस क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में न्यू स्टार घोरावल एवं इलेवर स्टार मिर्जापुर की टीम भिड़ेंगी। मंगलवार देर रात तक चले मुकाबलों में इलेवन स्टार मिर्जापुर टीम ने डायमंड घोरावल को हराकर फाइनल में जगह बनाई। न्यू स्टार घोरावल की टीम पहले ही फाइनल में प्रवेश कर चुकी है।
मंगलवार रात्रि पहला मैच नाइन स्टार मिर्जापुर और हर हर महादेव राबर्ट्सगंज की टीम के बीच सुपर लीग राउंड का खेला गया। इसमें नाइन स्टार की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 रन बनाए। जवाब में हर हर महादेव की टीम मात्र 30 रन पर ऑल आउट हो गई। इस तरह नाइन स्टार मिर्जापुर की टीम ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद हुए क्वार्टर फाइनल मैच में इलेवन स्टार मिर्जापुर और नाइन स्टार मिर्जापुर की टीम आमने-सामने रहीं। इसमें नाइन स्टार की टीम निर्धारित ओवर में 29 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करते हुए इलेवन स्टार की टीम ने 4.4 ओवर में निर्धारित लक्ष्य हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया ।
दूसरा सेमी फाइनल मैच डायमंड घोरावल और इलेवन स्टार मिर्जापुर के बीच खेला गया इसमें डायमंड घोरावल निर्धारित 8 ओवर में 49 रन बना सकी। जवाब में इलेवन स्टार मिर्जापुर की टीम ने सात ओवरों में लक्ष्य हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। मैन ऑफ द मैच अफरीदी रहे। इस अवसर पर सभासद मोहम्मद हनीफ, रमेश कुमार ,दीपक कुमार, धीरज कुमार, कृष्ण कुमार, संतोष आदि उपस्थित रहे।