बभनी। थाना क्षेत्र के घघरी गांव में पानी भरने के विवाद को लेकर भाइयों के बीच मारपीट हो गई। इसमें दंपती को चोट आई। पीड़ित ने मंगलवार को पुलिस से घटना की शिकायत की है।
घघरी गांव निवासी सुमिंद्र ने पुलिस को शिकायत पत्र देकर बताया कि भाई कृष्णानंद सहित अन्य लोगों ने सोमवार की सुबह कुएं से पानी भरने को लेकर विवाद कर लिया था। इसकी शिकायत 112 नंबर पर की गई। मौके पर पहुंची पीआरवी ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत करा दिया। सोमवार की रात भाई श्रवण अपनी पत्नी संगीता के साथ गांव के मंदिर में होने वाले हरिकिर्तन में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में भाई एवं उसके परिवार के सदस्यों ने हमला कर दिया। घायलों का बभनी सीएचसी में उपचार कराया जा रहा है। दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने एक पक्ष से चार लोगों के खिलाफ और दूसरे पक्ष से तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।