कलेक्ट्रेट में फीस माफी की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन देने अभिभावको के साथ पहुंचे पूर्वा?
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। सोनभद्र बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेन्द्र पांडेय तथा पूर्वांचल नव निर्माण मंच के उपाध्यक्ष गिरीश पांडेय के नेतृत्व मे अभिभावकों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय में विद्यालयों में फीस माफी से संबंधित ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी से विद्यालय प्रबंधकों के साथ अभिभावकों तथा अध्यापकों की बैठक कराकर फीस संबंधित मामले का निस्तारण सामंजस्य स्थापित कराकर कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि लॉकडाउन के कारण हर कार्य वर्ग के लोग आर्थिक रुप से प्रभावित हुए हैं। ऐसे मे पूरी फीस वसूली करने की अनुमति दिया जाना, एकतरफा न्याय है। इससे लोगों मे नाराजगी है। विद्यालय बंद होने से विद्यालय के बहुतायत खर्च बंद हैं। संविदा अध्यापक घर बैठा दिए गए हैं, जो कार्यरत हैं उनको भी कम वेतन दिया जा रहा है। दूसरी तरफ सरकार की मंशा बताकर ऑनलाइन पढ़ाई की खानापूर्ति करते हुए विद्यालय प्रबंधक अब तक की पूरी फीस जमा करने का दबाव अभिभावकों पर बना रहे है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा ज्यादातर अभिभावक जब तक विद्यालय नहीं खुलते तब तक की फीस नही देने की मांग कर रहे हैं। पूर्वांचल नव निर्माण मंच के संरक्षक मंडल के सदस्य राजीव पांडेय एवं आनंद ओझा ने कहा कि यदि जिला प्रशासन एक सप्ताह मे फीस की समस्या का समाधान नही कराता है तो आंदोलन तथा प्रदर्शन किया जायेगा। प्रतिनिधिमंडल मे अभिभावक शिवचरण यादव, राजेश सिंह, छोटेलाल देव पांडेय, नंद लाल, प्रवीण श्रीवास्तव, विमलेश सिंह, ज्ञान प्रकाश चौबे आदि शामिल रहे।