राबर्ट्सगंज कोतवाली में एटीएम कार्ड के साथ आरोपी।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। उपभोक्ताओं को झांसा देकर उनका एटीएम बदल कर खाते से रुपये उड़ाने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के पांच सदस्य मंगलवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गए। राबर्ट्र्सगंज स्थित एक होटल के पास घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 22 एटीएम कार्ड, एक कार, एक बाइक, 7180 नगद व तीन मोबाइल बरामद हुई। उक्त जानकारी सदर कोतवाली में सीओ राजकुमार त्रिपाठी ने अभियुक्तों को मीडिया के समक्ष पेश करते हुए दी। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के तकिया गांव निवासी जय प्रकाश मौर्य एटीएम से रुपये निकालने के लिए मधुपुर स्थित एटीएम में गए थे। वहां पहले से मौजूद दो युवकों ने उनका एटीएम कार्ड बदल कर उनके खाते से 8500 रुपये निकाल लिया। तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ एटीएम चोरी का मुकदमा दर्ज कर तहकीकात की जा रही थी। एसपी आशीष श्रीवास्तव ने एएसपी ओपी सिंह और सिटी सीओ को घटना का खुलासा कराने के लिए निर्देशित किया। सोमवार की शाम वादी की निशानदेही पर राबर्ट्र्सगंज के सिविल लाइंस रोड स्थित एक बैंक के समीप कोतवाल अंजनी कुमार राय और एसओजी प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने लाल कलर की कार में सवार तीन और बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया। सीओ ने बताया कि पकड़े गए गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र के बारा निवासी प्रशांत गुप्ता, चंदौली जिले केचकरघट्ठा थाना क्षेत्र के मझगाई निवासी अनिल यादव, बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के इसाकोदई गांव निवासी धनंजय सिंह, नगरा थाना क्षेत्र के सलेमपुर निवासी दीपू सिंह और भीमपुर थाना क्षेत्र के सावापार गांव निवासी अमित सिंह के कब्जे से मिली कार और बाइक चोरी की तो नहीं है इसका भी पता लगाया जा रहा है। पकड़े गए अंतर्रजनपदीय एटीएम कार्ड चोर गिरोह के सदस्यों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया गया। एसपी ने पुलिस टीम को 25000 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।