चा इल्ड पोर्न मामले में गिरफ्तार अनपरा क्षेत्र निवासी आरोपी नीरज यादव।
- फोटो : SONBHADRA
अनपरा। चाइल्ड पोर्न फोटोग्राफी मामले में शुक्रवार को सीबीआई की ओर से अनपरा निवासी इंजीनियर नीरज यादव को गिरफ्तार किए जाने को लेकर तरह तरह की चर्चा है। बेटे की गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर पिता शंकर यादव ने नीरज को बेकसूर बताते हुए सीबीआई से निष्पक्ष जांच करने की मांग की।
पुलिस के मुताबिक अनपरा निवासी नीरज यादव बीटेक करने के बाद दिल्ली के एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत था। लॉकडाउन के दौरान 25 मई को वह अपने घर पर आया था। 18 सितंबर को चाइल्ड पोर्न फोटोग्राफी मामले की जांच कर रही सीबीआई की छह सदस्यीय टीम अनपरा निवासी नीरज के घर पहुंची थी। जांच के दौरान मिले लैपटॉप, मोबाइल व कागजात कब्जे में ले लिया। इसके बाद सीबीआई ने आरोपी युवक को रेणुसागर पुलिस चौकी ले जाकर करीब तीन घंटे तक पूछताछ की थी। इसके बाद आरोपी को बीते सोमवार को दिल्ली सीबीआई कोर्ट में पेश होने की हिदायत देकर सीबीआईटी की टीम लौट गई थी। नीरज पर बच्चों की न्यूड फोटो व वीडियो बनाकर पोर्न साइट पर डालने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का आरोप है। शिकायत की जांच करने डिप्टी एसपी की अगुवाई में टीम यहां पहुंची थी। टीम में एक डिप्टी एसपी, दो इंस्पेक्टर व दो सब इंस्पेक्टर शामिल थे। उधर दिल्ली में सीबीआई ने मामले की जांच करने के बाद आरोपी इंजीनियर नीरज यादव को गिरफ्तार कर लिया। उधर, आरोपी के पिता शंकर यादव बेटे को निर्दोष बता रहे हैं। उनका कहना है कि उनके बेटे पर कई साल से चाइल्ड पोर्न के मामले से जुड़ा होने का आरोप है। उनका कहना था कि अगर बेटा गलत होता तो वह मोबाइल नंबर बदल देता। उन्होंने सीबीआई से निष्पक्ष ढंग से मामले की जांच करने की मांग की। वहीं, अनपरा थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने इस मामले में कुछ भी बता पाने में असमर्थता जताई।