सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के कैथी गांव में शनिवार को जमीन विवाद में सपा नेता की हत्या के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बीते शनिवार को सदर कोतवाली क्षेत्र के कैथी गांव में मनबढ़ों ने दिनदहाड़े लाठी-डंडा और धारदार हथियार से वार कर कैथी गांव निवासी नंद कुमार की हत्या कर दिया था। मामले में पुलिस को दी तहरीर में नंद कुमार के पुत्र अनिल ने बताया था कि शनिवार की सुबह उसके पिता गेहूं की फसल देखने के लिए खेत की ओर गए थे। इस दौरान वहां पहले से मौजूद दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडा, गड़ासा व धारदार हथियार से हमला कर दिया। पिटाई से पिता की मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सात नामजद सहित तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी में जुटी थी। इस बीच मंगलवार की देर शाम पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी शंभू और उसके बेटे राजू पांडेय को उनके गांव डुमरीहा से गिरफ्तार कर लिया। सदर कोतवाल मनोज सिंह ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें न्यायालय में समक्ष पेश किया जाएगा। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।