जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाऊस पर सड़क हहादसे में मृतको के परिजन। संवाद
सोनभद्र। कलवारी-खलियारी राजमार्ग (रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग) पर बने गड्ढे काल बन गए हैं। गड्ढों से बचने के चक्कर में रविवार की रात ट्रैक्टर ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर के साथ ही ट्रॉली से बाइक टकराने के बाद बेटे शिवम (22) की जहां मौके पर ही मौत हो गई, वहीं पिता संतोष (45) ने वाराणसी पहुंचने पर दम तोड़ दिया। एक साल पूर्व ही युवक की शादी हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती थी। परिवार में नए मेहमान के आगमन को लेकर खुशी भी थी लेकिन रविवार की रात हुई घटना ने मातम जैसी स्थिति बना दी। परिवार के साथ ही रिश्तेदार भी घटना से स्तब्ध रह गए। सोमवार को पोस्टमॉर्टम हाउस पर संवेदना जताने वालों की भारी भीड़ बनी रही। दोपहर में दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिवार वालों को सुपुर्द कर दिया गया। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लखनवार कला निवासी संतोष चौहान की शाहगंज थाना क्षेत्र के ढुटेर में खेती-बारी है। रविवार को वह बड़े बेटे सत्यम के साथ वहीं गए हुए थे। रात साढ़े नौ बजे के करीब दोनों बाइक से घर के निकले। जैसे ही जैत गांव के पास पहुंचे, रॉबर्ट्सगंज की तरफ जा रहे ट्रैक्टर चालक ने सड़क पर मौजूद गड्ढे से बचने के लिए अचानक से ट्रैक्टर मोड़ दिया। इससे शाहगंज की तरफ से आ रही बाइक ट्रैक्टर से टकराने के बाद ट्रॉली से तेजी से जा टकराई। सिर में गहरी चोट लगने से बाइक चला रहे सत्यम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। स्थिति नाजुक देखते हुए वहां से प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया गया। वाराणसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव लेकर वापस लौटे परिवार के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पिता-पुत्र की मौत के बाद अब परिवार का एकमात्र सहारा छोटा बेटा शिवम (19) रह गया है। स्तब्ध कर देने वाली घटना को देखते हुए नात-रिश्तेदारों, परिचितों की पोस्टमॉर्टम हाउस पर भारी भीड़ लगी रही। पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने भी पहुंचकर संवेदना जताई और शोक संतप्त परिवार को ढाढ़स बंधाया। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिवार वालों को सुपुर्द कर दिया गया है। दुर्घटना करने वाले ट्रैक्टर और उसके चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।