बीजपुर। थाना क्षेत्र के जरहा गांव निवासी रविशंकर साहनी (40) की रविवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना सिंगरौली के बैढ़न में हुई। जरहा निवासी रविशंकर साहनी (40) पुत्र दयाशंकर साहनी रविवार दोपहर किसी काम से जा रहे थे। बैढ़न थानाक्षेत्र में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल बैढ़न (सिंगरौली) पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, लेकिन रविवार देर रात उपचार के दौरान रविशंकर ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बैढ़न पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। सोमवार दोपहर में परिजन शव लेकर जरहा गांव पहुंचे। अंतिम दर्शन के बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।