कृषि विभाग सोनांचल के किसानों को अनुदान रहित बीज उपलब्ध कराएगा। इससे अब बीज खरीदारी करने के बाद अनुदान के लिए किसानों को विभागीय कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
कृषि विभाग ने रबी सीजन 2024-25 से नई व्यवस्था शुरू की गई है। किसान 50 प्रतिशत अनुदान काटकर बीज खरीद कर सकेंगे। अनुदान रहित बीज का लाभ लेने के लिए संबंधित किसानों काे अंगूठा लगाना होगा।
जिला कृषि अधिकारी डाॅ. हरिकृष्ण मिश्र ने बताया कि पहले किसानों से बीज का पूरा पैसा जमा कराया जाता था। बाद में बीज खरीदने वाले किसान के बैंक खाते में अनुदान का पैसा जाता था। शासन स्तर से अब यह व्यवस्था समाप्त कर दी गई है।
इस रबी सीजन से किसानों को अनुदान रहित बीज यानी मौके पर 50 प्रतिशत अनुदान का पैसा काटकर बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गेहूं का बीज राजकीय कृषि बीज गोदामों पर 4395 रुपये प्रति क्विंटल के दर से उपलब्ध है।
अगर किसान गेहूं का बीज लेते हैं तो उनसे 50 प्रतिशत अनुदान का पैसा काटकर ही पैसा जमा कराया जाएगा। इस तरह से किसान को करीब 2200 रुपये प्रति क्विंटल के दर से गेहूं का बीज उपलब्ध होगा।
इसी तरह से किसान चना, मटर, मसूर, सरसों, अलसी और तोरिया का बीज प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था से बीज खरीदने के बाद अनुदान की राशि बैंक खाते में पाने का झंझट खत्म हो गया है।
ये बीज गोदाम पर उपलब्ध
राजकीय कृषि बीज गोदामों पर गेहूं बीज 4395 रुपये प्रति क्विंटल, चना का बीज 9830 रुपये प्रति क्विंटल, मटर का बीज 8170, मसूर का बीज 10440, सरसो का बीज 10660, अलसी का बीज 10565 और तोरिया का सभी प्रजाति का बीज 10700 रुपये प्रति क्विंटल के दर से सरकारी गोदाम पर उपलब्ध है। सभी बीज किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर प्राप्त होगा।