जिले में संचालित सरकारी बीज गोदामों से किसान को 40 से 50 प्रतिशत अनुदान पर धान के बीज मिलेंगे।
किसानों को पॉश मशीन के माध्यम से ही धान का बीज दिया जाएगा। सभी सरकारी बीज गोदामों पर धान के चार वेरायटी के बीज पहुंच गए हैं। जल्द ही वितरण शुरू किया जाएगा।
जनपद सोनभद्र में सभी 10 ब्लॉकों में एक-एक सरकारी बीज गोदाम संचालित हैं। इन गाेदामों पर इस खरीफ सीजन में करीब 759 क्विंटल धान का बीज उपलब्ध कराया जाना है।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक अब तक शासन से 640 क्विंटल धान का बीज मिल गया है। सरकारी बीज गाेदामों पर पॉश मशीन के माध्यम से ही धान का बीज बांटा जाएगा।
इसके लिए किसानों को पंजीकरण कराना होगा और साथ में खतौनी और आधार की छायाप्रति लगानी होगी। जिला कृषि अधिकारी की मानें तो सरकारी बीज गोदामों में सियाट्स -1, एमटीयू 7029, सीओ 51 और डीपीटी 5204 बेरायटी के धान केे बीज उपलब्ध हैं।
धान का बीज अधिक से अधिक लघु एवं सीमांत किसानों में ही वितरित किया जाएगा। पहले आओ और पहले पाओ के आधार पर धान का बीज किसानों को उपलब्ध होगा। बताया कि किसी भी किसान को बिना पॉश मशीन से धान का बीज कदापि नहीं दी जाएगी।