सोनभद्र। धान तौल कराने के लिए किसानों को क्रय केंद्रों पर सप्ताह भर से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। क्रय केंद्रों पर अलाव जलाने के लिए लकड़ी की पर्याप्त व्यवस्था न होने से ठंड में किसानों को काफी दिक्कत हो रही है। वहीं प्रशासन के निर्देश के बाद भी कई केंद्रों पर प्रति खतौनी सिर्फ 50 क्विंटल धान खरीद होने से किसानों में नाराजगी है।
राबर्ट्सगंज तहसील क्षेत्र के जैत गांव निवासी किसान बासदेव और मोकरम निवासी संजय मौर्य ने बताया कि नवीन मंडी समिति परिसर में खुले क्रय केंद्रों पर नंबर लगाकर धान खरीद किया जा रहा है। नंबर लगाने पर करीब सप्ताह भर बाद किसान का धान तौल हो रहा है। अधिकांश किसान धान की रखवाली करने के लिए क्रय केंद्र पर रुकते हैं। लेकिन अलाव जलाने के लिए पर्याप्त लकड़ी की व्यवस्था नहीं होने से दिक्कत हो रही है।
घोरावल तहसील क्षेत्र के लसड़ी गांव के रमाकांत का कहना है कि क्रय केंद्रों पर धान लेकर पहुंच रहे किसानों को संदेश की नजर से देखा जा रहा है। किसानों को व्यापारी बताकर अपमानित किया जा रहा है। अड़ौली गांव के किसान बिजेंद्र ने बताया कि किसान क्रय केंद्रों पर धान तौल कराने का एक सप्ताह से इंतजार कर रहे हैं। क्रय केंद्रों पर अभी भी 50 क्विंटल ही धान खरीदा जा रहा है। धान खरीद में लगे कर्मचारी किसानों से 50 क्विंटल धान लेकर आने की ही बात कह रहे हैं। किसानों ने क्रय केंद्रों पर अलाव जलाने के लिए पर्याप्त लकड़ी की व्यवस्था कराने की मांग की।