घोरावल ब्लॉक के भैसवार गांव में चकबंदी में अनियमितता और गड़बड़ी के विरोध में लगातार आठवें दिन भी अनशन व प्रदर्शन जारी रहा। बुधवार को चकबंदी विभाग के एसओसी जगदीश प्रसाद धरना स्थल बछनार बिरबाबा सेमरीहवा पहुंचे। ग्रामीणों और किसानों की बातों को सुना।
भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के जिलाध्यक्ष बिरजू कुशवाहा और जिला सचिव संजय कुमार यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन में कहा कि कुआं, मकान, बाग व जोत कोड कब्जे के आधार पर चकबंदी की जाए।
जोत कोड कब्जा के आधार पर बटा तरमीन एवं भू चित्र बनाया जाए। चकबंदी अधिकारी संजीव कुमार राय के आदेश को निरस्त करने और भ्रष्ट चकबंदी अधिकारियों व कर्मचारियों की न्यायिक जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की।
भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव बजरंगी कुशवाहा ने बताया कि मांगे पूरी न होने पर हम लोग जिले पर धरना प्रदर्शन और डीएम कार्यालय का घेराव करने को विवश होंगे।
चकबंदी एसओसी जगदीश प्रसाद ने कहा कि भैसवार गांव की चकबंदी में अनियमितता की जांच करके भैसवार गांव की किसानों की एक-एक समस्या की जांच करुंगा। जांच पूरी होने तक चकबंदी की नापी का कार्य नही होगा।
इस मौके पर मिर्जापुर जिलाध्यक्ष धर्मदेव उपाध्याय, ओमप्रकाश विश्वकर्मा अवधेश कुमार मौर्य, पूर्व प्रधान हीरावती देवी, धर्मावती देवी आदि मौजूद रहे।