शाहगंज। जरूरत के अनुसार यूरिया न मिलने से नाराज किसानों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। शाहगंज थाना क्षेत्र के पीसीएफ डोहरी मोड़ के पास घोरावल-खलियारी मार्ग पर किसानों ने जाम लगा दिया। पुलिस ने किसानों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। करीब 20 मिनट आवागमन ठप होने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गई थी।
सुबह आठ बजे से ही पीसीएफ डोहरी पर किसान एकत्र होने लगे थे। सुबह 11 बजे सैकड़ों किसान जरूरत के अनुसार यूरिया न मिलने का आरोप लगाते हुए चक्काजाम कर दिए। जानकारी होते ही फोर्स के साथ शाहगंज थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह पहुंच कर किसानों को समझाने में जुट गए। किसानों ने कहा कि समितियों के सचिव यूरिया कम होने का रोना रोकर एक-दो बोरी ही दे रहे हैं। उधर अधिकांश दुकानदार मनमाने रेट पर यूरिया बेचकर किसानों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं। एसओ ने किसानों को संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समस्या का निदान कराने का आश्वासन देकर उन्हें सड़क से हटाया। किसानों ने चेतावनी दी कि शीघ्र जरूरत के अनुसार यूरिया नहीं मिली तो वे लोग प्रदर्शन करने के लिए विवश होंगे। थानाध्यक्ष ने डोहरी के सचिव से मिलकर नियमानुसार खाद का वितरण करने की बात कही।