सोनभद्र जिले के विकास खंड बभनी के चैनपुर लैंपस पर मंगलवार को डीएपी खाद के लिए किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। कई घंटे इंतजार के बाद भी खाद न मिलने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और हंगामा करने लगे। स्थिति देख सिर्फ समिति के 54 सदस्यों को खाद देने के बाद वितरण बंद कर दिया गया। नाराज महिलाओं-पुरुषों ने वितरण में अनियमितता का आरोप लगाया है।
बारिश के बाद किसान खरीफ फसलों की खेती में जुट गए हैं। इसके लिए उन्हें खाद की जरूरत है। मंगलवार को बड़ी संख्या में खाद लेने के लिए महिला-पुरुष समिति पर उमड़ गए। किसानों का आरोप है कि सहकारी समिति पर करीब 300 बोरी डीएपी उपलब्ध थी। 54 सदस्यों को खाद देने के बाद वितरण रोक दिया गया, जबकि करीब 115 बोरी डीएपी ही बांटी गई थी। इसके चलते बड़ी तादाद में महिला-पुरुष घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद बिना खाद लिए लौटने को मजबूर हो गए।
किसानों का कहना है कि समिति में अभी भी खाद उपलब्ध है, फिर भी उसका वितरण नहीं किया गया। ग्रामीण राजेंद्र प्रसाद, बलिराम, लवकुश ने बताया कि पहले ही बारिश देर से हुई है। अब खाद वितरण में मनमानी से चुनौती बढ़ जाएगी। सुनीता देवी, चांदनी देवी का कहना था कि वह घर पर बच्चों को अकेला छोड़कर खाद लेने के लिए सुबह 10 बजे से ही आई थीं, मगर तीन घंटे खड़ा रहने के बाद खाद का वितरण बंद कर दिया गया। समिति के सचिव मनमानी कर रहे हैं। खाद नहीं मिला तो खेती पिछड़ जाएगी। नरेश, विनोद सहित अन्य किसानों ने पर्याप्त खाद उपलब्ध कराते हुए पारदर्शी और सुचारु वितरण सुनिश्चित कराने की मांग की है।
क्या बोले अधिकारी
डीएपी खाद केवल उन्हीं किसानों को दी जाएगी, जिनकी फॉर्मर आईडी बनी है। इस संबंध में पहले से किसानों को जानकारी दी जा चुकी है। खाद की कमी नहीं है, लेकिन प्रक्रिया पूरा करना जरूरी है।
-संतेश राय, एडीओ कोऑपरेटिव