सोनभद्र। जिन किसानों का अब तक किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) नहीं बना है, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। किसान क्रेडिट बनवाने के लिए बैंकों का चक्कर नहीं लगाना होगा। जिन किसानों को प्रधानमंत्री सम्मान निधि मिल रहा है वे ऑनलाइन आवेदन करके नि:शुल्क केसीसी बनवा सकते हैं। इसके लिए कृषि विभाग के कर्मचारियों की मदद ली जा सकती है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए जिले में दो लाख नौ हजार किसान पंजीकृत हैं। इसमें से करीब 1,92,367 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि मिल रही है। किसान सम्मान निधि पा रहे 1,39,992 किसानों का किसान क्रेडिट कार्ड बना हुआ है। अभी 49375 किसानों का किसान क्रेडिट कार्ड नहीं बना है। ये किसान अब कृषि विभाग के वेबसाइट यूपी एग्रीकल्चर डॉट कॉम पर ऑनलाइन आवेदन करके नि:शुल्क केसीसी बनवा सकते हैं। इसके लिए संबंधित किसान को ऑनलाइन आवेदन करके अपना फोटो, खसरा, खतौनी अपलोड करना होगा। इसके बाद संबंधित तहसील स्तर पर लेखपाल, कानूनगो की तरफ से खसरा, खतौनी का ऑनलाइन सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के पश्चात जिस बैंक में किसान को सम्मान निधि की धनराशि मिल रही है, उस बैंक को केसीसी बनाने के लिए प्रेषित कर दिया जाएगा। पंद्रह दिन के अंदर संबंधित बैंक को किसानों का किसान क्रेडिट कार्ड बनाना होगा।