कस्बा कोन में बुधवार की देर शाम घास लाने खेत की ओर गए किसान की करंट लगने से मौत हो गई। रास्ते में बिजली का तार टूटकर गिरा था। किसान इसकी चपेट में आ गया। देर रात परिजनों को घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोन गांव निवासी राजकिशोर पटेल (55) बुधवार की शाम पत्नी के साथ घास काटने अपने खेत की ओर गया था। घास काटने के बाद बोझ पत्नी के सिर पर लादकर घर जाने को कहा। राजकिशोर ने खुद थोड़ी देर बाद आने की बात कही। पत्नी के घर पहुंचने के काफी देर बाद भी राजकिशोर नहीं लौटा तो परिजन उसे ढूंढने निकले। खेत की ओर गए तो रास्ते में राजकिशोर मृत हाल में पड़ा था। उसका पैर बिजली के तार में फंसा था। आंधी-बारिश के दौरान पोल से टूटकर तार नीचे गिर गया था। परिजन शव लेकर घर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। मृतक के पुत्र शेर सिंह के प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने बृहस्पतिवार की सुबह शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।