चोपन/रामगढ़। बारिश के बाद लबालब हुए नदी-नालों और जलाशयों में डूबने से मौत की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। शुक्रवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। चोपन में बरसाती नाले में महिला डूब गई तो मांची में बंधी में किसान डूब गया।
पहली घटना मांची थाना के पनौरा चौकी के केवटम गांव की है। गांव निवासी रामखेलावन गोंड (52) ने तिलईया बंधी के उस पार खेती की है। सड़क के रास्ते घूमकर जाने में दूरी ज्यादा थी तो वह तैरकर पार करने लगा। बीच में दूरी ज्यादा होने के कारण कुछ दूर जाने के बाद वह डूबने लगा। उसे डूबता देख गांव के लोग बचाने के लिए पानी में कूदे। जब तक पहुंच कर बाहर निकालते तब तक मौत हो चुकी थी। पनौरा चौकी प्रभारी संजय सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दूसरी घटना चोपन थाना क्षेत्र के गुरदह गांव की है। गुरदह गांव निवासी गुजराती देवी (48) पत्नी बलिराज केवट दोपहर में भैंस चराने जंगल में गई थी। इसी दौरान तेज बारिश होने लगी। बारिश से पहाड़ी नाले में पानी आ गया। गुजराती देवी नाले के दूसरी तरफ मौजूद भैंस को लाने की कोशिश करने लगी। पानी के तेज बहाव में आकर बह गई। शाम को भैंस तो घर आ गई लेकिन गुजराती नहीं पहुंची। मौके पर पहुंची चोपन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।