शक्तिनगर। सीमा से सटे मप्र के सिंगरौली में कोयला लदे ट्रेलर का ब्रेक फेल होने के बाद छलांग लगाने वाले घायल चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से नाराज चालकों व परिजनों ने हंगामा किया और सड़क जाम कर दिया। इसके चलते कोयला परिवहन करीब आठ घंटे ठप रहा। लोग सुरक्षा मानकों की अनदेखी व मुआवजा, मृतक आश्रित को रोजगार सहित अन्य मांग कर रहे थे।
चितरंगी के समरोगीर निवासी चालक लाल प्रताप पनिका (29) एनसीएल की निगाही खदान से बरगवां क्षेत्र में स्थित हिंडाल्को में कोयला परिवहन कर रहा था। देर रात परिवहन के दौरान कोयला लोड ट्रेलर का ब्रेक फेल हो गया। इस दौरान उसने जान बचाने के लिए छलांग लगा दी। उसे गंभीर चोट आई। घटना के बाद घायल लाल प्रताप को नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसी के बाद नाराज लोग शुक्रवार को सड़क पर उतर गए। दोपहर बाद पहुंचे सिंगरौली तहसीलदार ने ट्रांसपोर्टर से एक लाख रुपये अंत्येष्टि के लिए तत्काल दिलाए और दो लाख रुपए शासन से चेक के जरिए देने का आश्वासन दिया। तब मामला शांत हुआ। करीब आठ घंटे बाद कोयले का परिवहन शुरू हो पाया।