अनपरा। रेणुसागर चौकी परिक्षेत्र स्थित एक निजी चिकित्सालय में इलाज के दौरान एक महिला की मौत होने के बाद रविवार को परिजनों ने चिकित्सालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शाम साढ़े हंगामा किया।
परासी निवासी मंजू (37) पत्नी बाबू नंदन यादव कुछ दिनों से बुखार और रक्ताल्पता से पीड़ित थीं। उसका इलाज क्षेत्र के एक निजी चिकित्सालय में चल रहा था। यहां इलाज के दौरान रविवार को शाम करीब साढ़े सात बजे महिला की मौत हो गई। इस पर परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया। परिजनों का आरोप था कि इंजेक्शन लगते ही मंजू की मौत हो गई जबकि इससे पहले वह स्वस्थ थीं। जानकारी होने पर ग्रामीण भी अस्पताल पहुंच गए। मौके पर पहुंचे रेणुसागर चौकी प्रभारी मो. अरशद ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। खबर लिखे जाने तक परिजन चिकित्सालय में मौजूद थे। चिकित्सालय के प्रभारी ने बताया कि महिला मरीज हृदयरोग से पीड़ित थी। सभी आरोप निराधार हैं।