गंगोत्री से रामेश्वर तक की पदयात्रा करते रेणुकूट पहुंचा परिवार। -संवाद।
आंध्र प्रदेश के हैदराबाद से एक श्रद्धालु परिवार गंगोत्री से गंगाजल लेकर दक्षिण भारत के रामेश्वरम तक की कठिन पदयात्रा पर निकला है। यह आध्यात्मिक यात्रा बीते एक अक्तूबर से शुरू हुई थी, जो सोमवार को रेणुकूट से आगे की ओर प्रस्थान कर गई।
इस अनूठी पदयात्रा में हैदराबाद निवासी बी. संजीव अपनी पत्नी गायत्री और अपने तीन बच्चों पुत्री तुषारिका, पुत्र महिपाल व नंदा के साथ चल रहे हैं। परिवार ने केदारनाथ के समीप स्थित गंगोत्री धाम से पवित्र गंगाजल लेकर यात्रा प्रारंभ की है। लगभग ढाई महीनों में यह परिवार अयोध्या और काशी जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों से होकर गुजर चुका है और अब सोनभद्र जिले के रेणुकूट क्षेत्र से आगे बढ़ा है। रविवार की रात परिवार का पड़ाव मुर्धवा मोड़ पर रहा, जहां उन्होंने टेंट लगाकर रात्रि विश्राम किया।
सोमवार की सुबह वे पुनः अपनी यात्रा पर निकल पड़े। आगे उनकी योजना अंबिकापुर होते हुए ओडिशा और तेलंगाना से गुजरकर रामेश्वरम पहुंचने की है। यात्रा के दौरान परिवार के साथ एक कार भी चल रही है, जिसे उनके पुत्र नंदा चला रहे हैं जिसमें दैनिक जरूरत का सारा सामान रखा गया है। कार पर टेंट भी लदा हुआ है, जिससे वे जहां भी रात होती है, किसी मंदिर परिसर या सार्वजनिक स्थान पर टेंट लगाकर भोजन तैयार करते हैं और वहीं विश्राम करते हैं।
बी. संजीव ने बताया कि इस पदयात्रा में वे केवल एक समय भोजन ग्रहण कर रहे हैं और उपवास रखते हुए आगे बढ़ रहे हैं। श्रद्धा, संयम और साहस से भरी यह पदयात्रा राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए प्रेरणा का विषय बनी हुई है। परिवार का कहना है कि यह यात्रा उनके लिए केवल एक गंतव्य तक पहुंचने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मिक शुद्धि और ईश्वर के प्रति समर्पण का मार्ग है। संवाद