नगवां ब्लॉक के बलियारी गांव में लोगों को शुद्ध पानी नहीं मिल रहा। यहां लगी पानी की टंकी से बिजली रहने पर ही आपूर्ति होती है। इससे नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को जल निगम के खिलाफ पानी टंकी के पास प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। डीएम से मामले की जांच कराकर शुद्ध पेयजल की आपूर्ति कराने और लापरवाहों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बलियारी ग्राम पंचायत में बनी पानी टंकी से बलियारी, तेनूआ और वैनी गांवों में पानी की आपूर्ति की जानी है। इसके लिए जल निगम की ओर से दो इंच की बोरिंग कराई गई है लेकिन मोटर कम पावर का लगाया गया है। इससे पानी टंकी पर पूरी तरह से नहीं चढ़ पा रहा है। इसकी वजह से ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही है।
इससे नाराज ग्रामीणों ने जल निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। ग्राम प्रधान सुशील कुमार मौर्य का आरोप है कि दो इंच की बोरिंग हुई है लेकिन एक इंच का मोटर लगा है। इससे टंकी पूरी तरह से नहीं भर पा रही है। इसकी शिकायत पूर्व में विभागीय अधिकारियों से की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। गांव के रामअवध गोड़, रामजनम पटेल, कृष्ण भगवान, सुनील पासवान का कहना है कि यहां जेनरेटर से पानी की आपूर्ति नहीं की जाती है। जब बिजली की आपूर्ति होती है तो ही पानी की भी आपूर्ति की जाती है।