चुर्क। आगामी आरओ-एआरओ परीक्षा को लेकर सुरक्षा तैयारियों को लेकर पुलिस विभाग सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस लाइन चुर्क स्थित सभागार में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार ने की। उन्होंने उपस्थित पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान सभी पुलिसकर्मी अपनी भूमिका, कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा व सतर्कता के साथ निभाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था में कोई कोताही न हो और सभी कर्मी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट्स पर समय से मौजूद रहें। अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि सभी कर्मी संवेदनशीलता का आकलन करते हुए निष्पक्ष और शालीन व्यवहार बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क और तैयार रहें। उन्होंने कहा कि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो, इसके लिए हर स्तर पर सजगता बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा ड्यूटी केवल एक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि एक अवसर है, जिसे पूरी ईमानदारी और तटस्थता से निभाना प्रत्येक पुलिसकर्मी का कर्तव्य है।