यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा सोमवार को दोनों पालियों में सकुशल संपन्न हो गई। प्रथम पाली में हाईस्कूल की तीन विषयों की परीक्षा हुई। इसके लिए नामांकित 30152 परीक्षार्थियों में से 3832 ने अन्यान्य कारणों से परीक्षा छोड़ दी। आदर्श इंटर कालेज महुली में आंतरिक दस्ते ने हाईस्कूल के एक परीक्षार्थी को गणित में नकल करते पकड़ा और उसे रस्टिकेट (दंड स्वरूप निष्कासन) कर दिया। मंडलीय सचल दस्ता की अगुवाई कर रहे उप शिक्षा निदेशक विंध्याचल मंडल चंद्रजीत यादव ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
सोमवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल की परीक्षा हुई। इसमें गणित में 14,823 परीक्षार्थी नामांकित थे, जिसमें से 13283 उपस्थित हुए और 1540 ने परीक्षा छोड़ दी। इसी तरह प्राथमिक गणित में नामांकित 3295 में से 2423 परीक्षार्थी ही उपस्थित हुए। जबकि गृह विज्ञान की परीक्षा में 12034 परीक्षार्थी नामांकित थे। यहां 1420 ने परीक्षा छोड़ दी। आदर्श इंटर कालेज महुली में आंतरिक दस्ते की टीम ने एक छात्र को हाईस्कूल की गणित की परीक्षा में नकल करते पकड़ा और उसे रस्टिकेट कर दिया। मंडलीय उप शिक्षा निदेशक चंद्रजीत यादव की अगुवाई में आए मंडलीय सचल दस्ता ने राबर्ट्र्सगंज और चतरा ब्लॉक के कई विद्यालयों का निरीक्षण किया।
उधर, दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की शिक्षाशास्त्र, मनोविज्ञान और गृह विज्ञान की परीक्षा हुई। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। बभनी प्रतिनिधि के अनुसार यूपी बोर्ड परीक्षा को नकल विहिन संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। सोमवार को प्रथम पाली में गणित, प्रारंभिक गणित और गृह विज्ञान प्रश्नपत्र की परीक्षा। इसमें तीनों परीक्षा केंद्रों को मिलाकर 1146 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 959 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। 187 ने परीक्षा छोड दी। राजकीय इंटर कालेज चपकी में 104, दक्षिणांचल ग्रामोदय इंटर कालेज में 28 तथा शिक्षण संस्थान देवनाटोला में 55 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दुद्धी प्रतिनिधि के अनुसार बोर्ड परीक्षा के प्रथम पाली की हाईस्कूल की परीक्षा में सोमवार को एसडीएम भानुप्रताप सिंह ने कई परीक्षा केंन्द्रों का निरीक्षण किया।
उन्होंने राजकीय इंटर कालेज दुद्धी में सभी कक्षों का निरीक्षण किया। इसके बाद राजकीय बालिका इंटर कालेज दुद्धी पहुंचे। यहां भी सभी कक्षों की बैठक व्यवस्था का जायजा लिया और बोर्ड परीक्षा दे रहे छात्रों के लिए मौजूद व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया।