राबर्ट्सगंज आदर्श इंटर कालेज में यूपी बोर्ड परीक्षा का सिटिंग प्लान देखते परीक्षार्थी सहित अन्?
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिले के 71 परीक्षा केंद्रों पर मंगलवार से यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा शुरू होगी। सुरक्षा के मद्देनजर जिले को तीन जोन और 20 सेक्टरों बांटा गया है। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए तीन जोनल, 20 सेक्टर और 21 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। नकल पर रोक के लिए परीक्षा केंद्रों के दो सौ मीटर की परिधि में किसी भी व्यक्ति की मौजूदगी पर रोक लगा दी गई है।
मंगलवार से राबर्ट्सगंज, घोरावल और दुद्घी तहसील क्षेत्र के 71 केंद्रों पर यूपी बोर्ड की परीक्षा शुरू होगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह आठ बजे से पूर्वांह सवा 11 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम सवा पांच बजे तक होगी। हाईस्कूल में 28318 परीक्षार्थी और इंटरमीडिएट में 17696 छात्र-छात्राएं शामिल होंगी। सोमवार की शाम तक सभी केंद्रों पर परीक्षा की तैयारियां पूर्ण कर ली गईं। इसकी रिपोर्ट केंद्र व्यवस्थापकों ने उच्चाधिकारियों को भेज दी है। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए तीन जोनल मजिस्ट्रेट, 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 21 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। तीनों तहसील के एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाई जाएगी। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी रहेगी। प्रत्येक केंद्र के आसपास सादे पोशाक में दो-दो पुलिस कर्मियों की ड्यूटी परीक्षा में व्यवधान उत्पन्न करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करने के लिए लगाई गई है।
तीसरी नजर में परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
सोनभद्र। यूपी बोर्ड केपरीक्षार्थी तीसरी आंख की नजर में परीक्षा देंगे। सभी परीक्षा केंद्रों प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ताकि नकलविहिन परीक्षा संपन्न हो सके। केंद्रों के प्रवेश द्वार पर परीक्षकों द्वारा परीक्षार्थियों की तलाशी लेने के बाद अंदर जाने दिया जाएगा। मोबाइल, ज्वलनशील और नकल सामग्री पर रोक लगाई गई है। बावजूद इसके अगर कोई उक्त सामग्रियों कोई ले गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
जिले में नकलविहिन परीक्षा कराने केलिए तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। परीक्षा के दौरान अगर कोई परीक्षक मोबाइल का प्रयोग करते पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। परीक्षा का सकुशल संपन्न कराने के लिए तीन जोनल मजिस्ट्रेट, 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 21 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। - एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी
सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा में खलल डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देशित कर दिया गया है। परीक्षा के दौरान सभी थाना और सीओ अपने-अपने क्षेत्र के केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहेंगे। - आशीष श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक