जिले में प्रशासनिक अमला निष्पक्ष ढंग से विधानसभा चुनाव कराने की तैयारी में जुट गया है। जिले में विधानसभा चुनाव के दौरान पोलिंग पार्टियां जिस वाहन से ईवीएम और वीवीपैट लेकर जाएंगी उसकी निगरानी के लिए वाहनों में जीपीएस लगवाया जाएगा। इसके लिए कलक्ट्रेट में एकीकृत निर्वाचन कंट्रोल रूम भी बना दिया गया है।
जिले में सात मार्च को मतदान होगा और दस मार्च को वोटों की गिनती होगी। दस फरवरी से कलेक्ट्रेट में राबर्ट्सगंज, घोरावल, ओबरा और दुद्धी विधानसभा सीट के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री भी शुरू हो गई है। 17 फरवरी तक नामांकन होगा। वहीं आयोग के निर्देशानुसार प्रशासन चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारी में जुट गया है। चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग ईवीएम और वीवीपैट की निगरानी के लिए जीपीएस लगे वाहनों से इसे भेजने की तैयारी में है। वाहनों में लगे जीपीएस को एकीकृत निर्वाचन कंट्रोल रूम से कनेक्ट किया जाएगा। इसके अलावा मोबाइल ट्रैकिंग सिस्टम से भी ईवीएम और वीवीपैट ले जाने वाले वाहनों पर नजर रखी जाएगी। सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल ने बताया कि पोलिंग पार्टियों को रवाना किए जाने और मतदान कराकर वापस लौटने तक ईवीएम और वीवीपैट वाले वाहनों पर नजर रखी जाएगी। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। कहा कि जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रटों के वाहन भी जीपीएस से लैस होंगे।