सोनभद्र में छत्तीसगढ़ के जंगलों से भटक कर आए 14 हाथियों का झुंड डूमरचुआ के पास रिहंद डैम के तट पर पहुंच गया। यहां पानी देख झुंड में शामिल हाथी उसमें कूद गए। झुंड में हाथी का बच्चा भी शामिल था। हाथी का बच्चा पानी में डूब गया। अन्य हाथी पूरी रात वहीं डटे रहे। सुबह हाथियों का झुंड जरहा ग्राम पंचायत के डिघुल के जंगल में चला गया। सुबह जब ग्रामीण डैम के किनारे पहुंचे तो वहां किनारे दलदल में हाथी का मरा हुआ बच्चा दिखा।
हाथी के बच्चे की मौत की खबर से आलाधिकारी सकते में आ गए और आनन फानन में मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया। प्रभागीय वनाधिकारी रेनुकूट एम पी सिंह , एसडीओ कुंज बिहारी वर्मा,रेंजर म्योरपुर,बभनी,बीजपुर लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। हाथियों की हर एक गतिविधियों का संज्ञान लेकर विभाग के कर्मचारियों को सचेत कर सावधान रहने की हिदायत दी गयी है। वहीं बीजपुर पुलिस भी हाथियों पर नजर बनाए रही।