ओबरा। व्यस्त मालवाहक रेलमार्गों में शुमार गढ़वा-सिगरौली के बीच विद्युतीकरण लगभग पूरा हो गया है। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य परियोजना निदेशक (विद्युतीकरण) एके चौधरी ने बीते शनिवार को शेष बचे हिस्से में हुए कार्यों का निरीक्षण किया था। शेष हिस्से के तौर पर बचे शक्तिनगर से करैला रोड तक का विद्युतीकरण लगभग पूरा हो चुका है। बीते तीन जुलाई को करैला रोड से शक्तिनगर के बीच ट्रायल के तहत लोको चलाने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। अब कमिश्नर आफ रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) के निरीक्षण की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके बाद इस शेष हिस्से पर भी इलेक्ट्रिक ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। यह शेष हिस्सा कोयला लोडिग के लिहाज से काफी है।