शक्तिनगर। भारत सरकार की महारत्न कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन प्रमोद अग्रवाल (आईएएस) ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के निगाही ओपेन कास्ट परियोजना में दो 190 टन डंपर और एक फ्रंट-एंड लोडर को हरी झंडी दिखा कर ट्रायल रन के लिए रवाना किया। इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने एनसीएल के वृहद मशीनी बेड़े में पहली बार 190 टन क्षमता के डंपर के शामिल होने पर टीम एनसीएल को शुभकामनाएं दीं । श्री अग्रवाल ने कोविड-19 वैश्विक महामारी के बावजूद भी पिछले वर्ष से बेहतर प्रदर्शन करने के लिए एनसीएल को बधाई दी । साथ ही यह विश्वास जताया कि एनसीएल पूर्व की भांति इस वर्ष भी अपने लक्ष्य से अधिक उत्पादन व प्रेषण करेगी ।वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कोल इंडिया, मुख्यालय कोलकाता से कोल इंडिया के कार्यकारी निदेशकगण, कोल इंडिया के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) तथा एनसीएल मुख्यालय से सीएमडी प्रभात कुमार सिन्हा व कार्यकारी निदेशकगण, मुख्य सतर्कता अधिकारी, जेसीसी पदाधिकारी, क्षेत्रीय महाप्रबंधक, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष इत्यादि उपस्थित रहे।इस अवसर पर सीएमडी प्रभात कुमार सिन्हा ने एनसीएल टीम की तरफ से कोल इंडिया चेयरमैन को विश्वास दिलाया कि वैश्विक महामारी के चुनौतीपूर्ण स्थिति के बावजूद भी एनसीएल अपने सभी लक्ष्यों को इस वर्ष भी प्राप्त करेगी।