सांगोबांध। बारिश के मौसम में तीन दिन से सैकड़ों गांव की विद्युत आपूर्ति पूर्ण रूप से बाधित है। गर्मी से लोग बेहाल होकर इधर-उधर पेड़ के छांव के नीचे घूमते फिरते देखे जा रहे हैं। बिजली कब आ रही है, कब जा रही है पावर कारपोरेशन के अधिकारियों से कोई लेना देना नहीं है। ब्लाक मुख्यालय होने के बाद भी मौके पर कोई अधिकारी उपलब्ध नहीं है। हालत यह है कि शाम, रात्रि में अगर थोड़ी बहुत हवा चली तो बिजली गुल हो जाती है। बिजली कब आएगी इसका कोई अता पता नहीं है और न ही कोई अधिकारी बताने वाला है। लोग विद्युत आपूर्ति की दुर्व्यवस्था से बेहाल हैं। मनमानी विद्युत कटौती के कारण देर शाम से लेकर देर रात तक लोग सड़कों गलियों में इधर उधर घूमते नजर आते हैं। क्षेत्र के बभनी फीडर से संचालित गांव चौना, बैना, फरीपान, कोगा, सांगोबांध, अहीरबुडवा, मनरूटोला, तेंदुअल, बहेराडोल में बिजली की ब्यवस्था चौपट हो गई हैं। विद्युत निगम के जेई बिहार लाल का कहना है कि बभनी से अहीरबुडवा 28 किमी की एचटी तार एवं पोल पूर्ण रूप से जर्जर हो गये हैं। मरम्मत के लिए टेंडर होने के बावजूद ठेकेदार मरम्मत नहीं करा रहा है।