फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: दीपावली से 971 मेगावाट अधिक रही छठ पर बिजली की मांग, 15 इकाइयां बंद

विज्ञापन
अनपरा तापीय परियोजना
विज्ञापन
सोनभद्र। छठ पर बिजली की खपत ने दीपावली को भी पीछे छोड़ दिया है। दीपावली के मुकाबले छठ पर बिजली की मांग 971 मेगावाट अधिक दर्ज की गई। इसके बावजूद मौसम में नरमी के चलते बिजली की मांग में आई कमी को देखते हुए 15 बिजली इकाइयों को 25 नवंबर तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। वहीं, ब्वायलर ट्यूब लीकेज के कारण अनपरा की 500 मेगावाट क्षमता वाली एक इकाई तीन दिन से बंद है। कोयले की कमी और तकनीकी खामी के चलते भी तीन अन्य इकाइयों से उत्पादन ठप है। इस तरह कुल 3606 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता प्रभावित हुई है। बताते चलें कि गर्मी के दौरान बिजली की मांग 30 हजार मेगावाट को पार कर गई थी। वहीं, अक्तूबर में मौसम में नरमी आने के बाद यह मांग घटकर 20 हजार मेगावाट के करीब पहुंच गई। दीपावली पर बिजली की अधिकतम मांग 19297 मेगावाट दर्ज की गई थी। छठ पर यह बढ़कर 20268 मेगावाट पहुंच गई। हालांकि, गर्मी के दौरान दर्ज अधिकतम मांग के मुकाबले अभी भी करीब 10 हजार मेगावाट की कमी को देखते हुए सिस्टम कंट्रोल ने प्रदेश की 15 बिजली इकाइयों को 25 नवंबर तक बंद रखने का निर्णय लिया है। इसके तहत इकाइयों को बंद करने के साथ ही इसका शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। दूसरी ओर, ब्वायलर ट्यूब लीकेज के कारण अनपरा की 500 मेगावाट क्षमता वाली सातवीं इकाई तीन दिन से बंद है। प्रदेश को यहां से अपेक्षाकृत सस्ती बिजली मिलने के कारण इस इकाई को दोबारा उत्पादन में लाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर से मिली जानकारी के मुताबिक, हरदुआगंज की 250 मेगावाट क्षमता वाली आठवीं इकाई तकनीकी खराबी के कारण 13 नवंबर से और जवाहरपुर की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई एक नवंबर से बंद है। वहीं, कोयले की कमी के कारण घाटमपुर की 660 मेगावाट क्षमता वाली तीसरी इकाई 26 सितंबर से बंद है। यूपी एसएलडीसी के मुताबिक, उतरौला की 45 मेगावाट क्षमता वाली पहली और दूसरी, बरखेड़ा की 45 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी, खंबरखेड़ा की इसी क्षमता वाली चार इकाइयां, मकसूदपुर की इसी क्षमता वाली दो इकाइयां, हरदुआगंज की 105 मेगावाट क्षमता वाली सातवीं, जवाहरपुर की 660 मेगावाट क्षमता वाली पहली, पनकी की इसी क्षमता वाली पहली और परीछा की 210 मेगावाट क्षमता वाली तीसरी और चौथी इकाई को मांग में कमी के चलते बंद किया गया है। फिलहाल इन इकाइयों को 25 नवंबर तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इसके बाद बिजली की मांग और खपत की स्थिति के आधार पर इनके संचालन पर फैसला होगा। छठ पर्व पर बिजली की उपलब्धता प्रभावित न हो, इसके लिए चालू इकाइयों से बेहतर उत्पादन लेने का प्रयास किया जा रहा था। रविवार देर शाम तक अनपरा ए परियोजना से 495, अनपरा बी से 847, अनपरा सी (एमईआईएल) से 1061, अनपरा डी से 503, ओबरा बी से 563 और ओबरा सी से 995 मेगावाट बिजली उत्पादन किया जा रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें