होली पर्व पर लगातार छुट्टी के कारण प्रदेश में बिजली की मांग में लगभग तीन हजार मेगावाट की गिरावट दर्ज की गई। यूपी एसएलडीसी के वेबसाइट के अनुसार बीते रविवार को प्रदेश में बिजली की मांग 19134 मेगावाट दर्ज की गई थी। होली पर्व को लेकर प्रदेश में लगातार तीन दिनों की छुट्टी थी। साथ ही प्रदेश का मौसम सामान्य होने के कारण बिजली का उपयोग कम हुआ, जिससे बिजली की मांग तीन हजार मेगावाट घटकर 16134 मेगावाट दर्ज की गई। बिजली की मांग कम होने के कारण निगम की हरदुआगंज, जवाहरपुर, पनकी, पारिछा की कुल 11 इकाइयों से उत्पादन बंद करना पड़ा। निगम की अनपरा, ओबरा एवं निजी क्षेत्र की एमईआईएल अनपरा एनर्जी लिमिटेड की सभी इकाईयां पूर्ण क्षमता से संचालित रहीं। सोनभद्र। जिले के तापमान में उतार चढ़ाव के बीच बृहस्पतिवार को अधिकतम पारे में गिरावट दर्ज की गई। बीते दो दिन में अधिकतम पारा 1.4 डिग्री तक लुढ़का है। हालांकि न्यूनतम पारा में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह के मुताबिक बृहस्पतिवार को न्यूनतम पारा 16.4 और अधिकतम पारा 30.6 डिग्री सेल्सियस पारा रिकार्ड हुआ। इसके मुकाबले गत मंगलवार को न्यूनतम पारा 15.2 और अधिकतम पारा 31.4 तथा सोमवार को न्यूनतम पारा 15.4 और अधिकतम पारा 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।