केकराही। राबर्ट्सगंज ब्लॉक के भरूहा बिजली फीडर से जुड़े करीब 18 गांवों में पिछले 21 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। दूसरे दिन बुधवार को दिन भर बिजलीकर्मी फाल्ट का पता लगाने में जुटे रहे। लेकिन शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। इस नाते उपभोक्ताओं को अंधेरे में गुजर बसर करना पड़ रहा है।
रात करीब नौ बजे पसही विद्युत उपकेंद्र से जुड़े भरुहा फीडर से बकाही, सिरसिया, पिपरा, भदोही, खैराही, ऐलाही, भरुहा, जड़ेरूआ, खैरपुर समेत करीब 18 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। घंटों बीतने के बाद भी आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो उपभोक्ताओं ने बिजली कर्मियों को सूचना दी। बुधवार की अलसुबह से ही बिजली कर्मी फाल्ट का पता लगाने में जुट गए। दोपहर 12 बजे बिजली कर्मियों ने फाल्ट को सही कर आपूर्ति बहाल की, लेकिन तत्काल गुल हो गई। उपभोक्ता राजकुमार, मनोज कुमार, रवि, सोनू, कृष्ण कुमार, रामजी, रामआसरे, पप्पू ने कहा कि जर्जर बिजली के तार, खंभें के चलते अक्सर बिजली आपूर्ति ठप रहती है। पूर्व में कई बार जर्जर तारों को बदलने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों को मांगपत्र दिया गया है, लेकिन अभी तक तारों को बदला नहीं गया। इस नाते अक्सर तार टूट कर गिरते है और आपूर्ति बाधित रहती है। इस संबंध में एसएसओ राजेश कुमार ने बताया कि तार टूटने से आपूर्ति बाधित है। तार जोड़ कर जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। शाम छह बजे तक बिजली सप्लाई शुरू नहीं हो सकी थी।