राबर्ट्सगंज में चोपन-चुनार इलेक्ट्रिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते सांसद पकौड़ी लाल कोल ?
सोनभद्र। चोपन-चुनार रेलमार्ग पर इलेक्ट्रिक ट्रेनों का परिचालन शनिवार को शुरू हो गया। सांसद पकौड़ी कोल ने शनिवार को हरी झंडी दिखाकर इलेक्ट्रिक ट्रेन के परिचालन की औपचारिकता पूरी की। उन्होंने बताया कि इस रेल मार्ग पर इलेक्ट्रिक ट्रेनों के संचालन से लोगों को सहूलियत होगी। साथ ही ट्रेनों का समय से परिचालन भी सुनिश्चित हो सकेगा।
चुनार रेलवे स्टेशन से चलकर इलेक्ट्रिक सवारी ट्रेन (चुनार-चोपन पैसेंजर) शनिवार को सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर दोपहर बाद 3.45 बजे पहुंची। यहां सांसद पकौड़ी कोल, सदर विधायक भूपेश चौबे, घोरावल विधायक अनिल मौर्या, ओबरा विधायक संजीव गोंड, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत चौबे, अपना दल एस के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण पटेल और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इलेक्ट्रिक ट्रेन को चोपन की तरफ रवाना किया। सांसद ने बताया कि चोपन-चुनार के बीच रेलवे लाइन के दोहरीकरण का प्रस्ताव है। जिस पर जल्द ही काम शुरू होगा। इसके साथ ही सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर यात्री शेड, प्लेटफार्म नंबर एक के विस्तारीकरण आदि काम कराने के लिए प्रस्ताव जल्द ही भेजा जाएगा। ट्रेनों के लेट लतीफ संचालन के सवाल पर सीनियर डीसीएम प्रयागराज संचित त्यागी ने बताया कि प्रयागराज से पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तक डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) का काम चल रहा है। डीएफसी का काम पूरा होने पर मालगाड़ी का संचालन उससे होने लगेगा। इसके बाद यात्री ट्रेनों के लेटलतीफी की समस्या दूर हो जाएगी। उन्होंने बताया कि कोहरे के चलते रद चल रही वाराणसी-सिंगरौली एक्सप्रेस का संचालन जल्द शुरू किया जाएगा। इस रूट पर नई ट्रेनों का परिचालन भी कराया जाएगा। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन कृष्णमुरारी गुप्ता, अनूप तिवारी, अजीत रावत, क्षेत्रीय रेल उपयोग परामर्शदात्री समिति के सदस्य एके गौतम, राधेश्याम पांडेय, एनके गिरी, ओमप्रकाश आदि मौजूद रहे।